भास्कर न्यूज | तरनतारन सरपंच हरबरिंदर सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को मुठभेड़ में घायल कर काबू किया है। आरोपियों की पहचान शरणप्रीत सिंह निवासी चोहला साहिब और हरदीप सिंह के रूप में हुई है जिन्होंने सरपंच पर फायरिंग करने वाले शूटर की मदद की थी। वहीं पुलिस ने सिद्धू फार्म के मालिकों के खिलाफ भी लारपरवाही का केस दर्ज किया है। जांच में पाया गया कि पैलेस के अंदर-बाहर लगे सीसीटीवी चालू हालत में नहीं थे। मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर नहीं लगाया गया था और न ही हथियार ले जाने पर प्रतिबंध संबंधी कोई बोर्ड लगाया गया था और सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं थे। पुलिस ने इसे सुरक्षा में गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि थाना सरहाली की पुलिस के साथ-साथ सीआईए स्टाफ और एजीटीएफ की टीमें जांच में जुटी हुई थीं। रविवार सुबह मिली खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने नौशहरा पन्नूआं इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार 2 संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे । जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए जिन्हें काबू कर लिया गया। मौके पर .30 बोर और 9 एमएम की 2 पिस्तौल बरामद की गईं। बता दें कि बीते बुधवार पैलेस में चल रहे शादी समारोह में सरपंच हरबरिंदर सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।


