दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे ज्वेलर से बाइक सवार 2 अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ज्वेलर के सिर पर वार किया, जिससे ज्वेलर लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया और पीछे से बदमाश स्कूटी की डिग्गी में रखे बैग को लूट कर फरार हो गए। बैग में सोने–चांदी के आभूषण, कैश, बहीखाते रखे हुए थे। घटना नगर रोड़ पानी की टांकी के पास से कुम्हेर रोड को जा रहे रास्ते पर मंगलवार शाम करीब 6:43 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित ज्वेलर जितेंद्र सोनी पुत्र निरंजन सोनी कस्बा नदबई निवासी ने बताया-वह रोजाना की तरह मंगलवार शाम को दुकान बंद कर के घर जा रहा था। जैसे ही वह कुम्हेर रोड से नगर रोड़ को जाने वाले कच्चे रास्ते पर कोचिंग सेंटर के पास पहुंचा, तो पीछे से बाइक सवार 2 बदमाश आए। बदमाशों ने ज्वेलर से गाली गलौज कर रुकने को कहा। ज्वेलर ने बताया कि, दो बदमाशों में से एक बदमाश ने उसके सिर पर बुरी तरह वार किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर गया। जितेंद्र ने बताया कि, बदमाशों ने उसकी स्कूटी की चाबी से स्कूटी की डिग्गी खोली और डिग्गी में रखे बैग को लेकर भाग गए। बैग में सोने चांदी के आभूषण, बहीखाते रखे थे। उसने हल्ला मचाया और हल्ला सुन कर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जितेंद्र ने बताया कि, उसने पुलिस को सूचना दी, सूचना पर पुलिस सीओ अमर सिंह राठौड़, थाना अधिकारी दौलत साहू मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।


