बारां जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद 10 मार्च से शुरू होगी और 30 जून तक चलेगी। जिला रसद अधिकारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि जिले में अनुमानित उत्पादन 10.87 लाख मीट्रिक टन के विरुद्ध 1 लाख 9 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गेहूं खरीद के लिए भारतीय खाद्य निगम (FCI), राजफैड, नेफेड और एनसीसीएफ को निर्देश जारी किए गए हैं। सभी एजेंसियों को हैंडलिंग और परिवहन के लिए समय पर निविदाएं आयोजित करने, प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार खरीद सुनिश्चित करने और पर्याप्त भंडारण क्षमता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रक्रिया में पारदर्शिता पर विशेष जोर
खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। इनमें तुलाई कांटा, पार्किंग, क्लीनर, मॉइश्चर ड्रायर, छाया और पेयजल शामिल हैं। साथ ही, किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। डीएसओ ने बताया कि गेहूं खरीद के लिए पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने और दैनिक योजना बनाकर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। गत वर्ष प्राप्त शिकायतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रक्रिया में पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मंडी रोड और कोटा रोड पर संभावित यातायात समस्या को देखते हुए मंडी सचिव को यातायात प्रबंधन की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के इच्छुक किसान 25 जून तक ई-मित्र के माध्यम से पोर्टल पर अपना पंजीयन करवा सकते हैं।


