जयपुर में बदमाशों के घर में घुसकर वाटर टैंक चेंबर चोरी का मामला सामने आया है। चोरी करने स्कूटी से आए बदमाशों ने मेन गेट खोल अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। नारायण विहार थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि मानसरोवर के पत्रकार कॉलोनी रोड पर स्थित एक घर में चोरी की वारदात हुई। रविवार दोपहर करीब 3 बजे स्कूटी पर दो बदमाश चोरी करने पहुंचे। घर के बाहर स्कूटी खड़ी कर स्टार्ट करने के बहाने दोनों चोरों ने पहले रेकी की। उसके बाद मेन गेट खोलकर एक बदमाश अंदर घुसा। दूसरा बाहर खड़ी स्कूटी को लेकर खड़ा रहा। अंदर घुसे बदमाश महज कुछ ही सेकेंड में घर के पोर्च में वाटर टैंक के ऊपर लगे लोहे के चेंबर को उठाकर तेजी से बाहर ले गया। स्कूटी के आगे रखकर लोहे के चेंबर को लेकर दोनों बदमाश फरार हो गए। करीब एक घंटे बाद लोहे का चेंबर गायब मिलने पर घर में लगे CCTV फुटेज को खंगाला। फुटेज में स्कूटी सवार दोनों चोरों की करतूत कैद मिली।


