जोधपुर रेलवे मंडल ने नरैना में आयोजित होने वाले दादू दयाल जी मेले के अवसर पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा के लिए जैसलमेर-काठगोदाम-जैसलमेर ट्रेन का नरैना स्टेशन पर अस्थाई ठहराव देने का निर्णय लिया है। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह अस्थाई ठहराव 24 से 27 फरवरी तक प्रभावी रहेगा, जिससे मेले में आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। डीआरएम त्रिपाठी के अनुसार, जैसलमेर से काठगोदाम और काठगोदाम से जैसलमेर के बीच चलने वाली इस प्रमुख ट्रेन को नरैना स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और धार्मिक आयोजन के महत्व को देखते हुए यह फैसला लिया है। मेले के दौरान इस ट्रेन का आवागमन इस प्रकार रहेगा: गाड़ी संख्या 15013 (जैसलमेर-काठगोदाम): यह ट्रेन 24 से 27 फरवरी तक नरैना स्टेशन पर दोपहर 14:17 बजे पहुंचेगी और 14:19 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 15014 (काठगोदाम-जैसलमेर): यह ट्रेन इसी अवधि के दौरान नरैना स्टेशन पर सुबह 11:01 बजे पहुंचेगी और 11:03 बजे प्रस्थान करेगी।


