ब्यावर कांग्रेस संगठन में लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए नई नियुक्तियां की गई है। अजय शर्मा को ब्यावर ब्लॉक कांग्रेस का अध्यक्ष और नवसृजित नगर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भरत बाघमार को नियुक्त किया गया है। ये आदेश प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जारी किए। ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार थे। पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।
अजय शर्मा पहले भी इस पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वे जनसमस्याओं को मुखरता से उठाने और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनके अनुभव और संगठन पर पकड़ को देखते हुए उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है। युवा वर्ग में प्रभाव रखते है दोनों नेता
नगर अध्यक्ष पद पर नियुक्त भरत बाघमार 4 बार पार्षद रह चुके हैं और लगातार जीत दर्ज कर अपनी लोकप्रियता साबित की है। पार्टी ने सामाजिक संतुलन साधते हुए दलित वर्ग से आने वाले बाघमार को यह जिम्मेदारी दी है।
एक बार पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने निर्दलीय चुनाव जीतकर कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन दिया था। उन्होंने तत्कालीन विधायक राकेश पारिक से मिलकर पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई थी। इन नियुक्तियों से ब्यावर कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है। दोनों ही नेता युवा वर्ग में प्रभाव रखते हैं और पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए जाने जाते हैं। आने वाले समय में इनके नेतृत्व में कांग्रेस के राजनीतिक समीकरणों में बदलाव देखने को मिल सकता है।


