कपूरथला के तलवंडी पुर्दल रोड स्थित एक गांव में किसान के खेत से हरी गेहूं की फसल चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने खेत से गेहूं की फसल काट ली। किसान हरजिंदर सिंह ने बताया कि रविवार को जब वे अपनी फसल देखने खेत पहुंचे तो उन्होंने पाया कि खेत के एक हिस्से से हरी गेहूं की फसल काट ली गई है। हरजिंदर सिंह के अनुसार, फसल अभी पकने में समय था, लेकिन उससे पहले ही अज्ञात व्यक्तियों ने इसे चुरा लिया। हरजिंदर सिंह ने बताया कि वे लंबे समय से खेती कर रहे हैं, लेकिन ऐसी घटना उनके साथ पहली बार हुई है। हरी फसल की चोरी से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है।


