मनोज मुद्गल | अलवर शहरवासियों को आगामी दिनों में पानी के लिए 48 से 72 घंटे के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मई महीने से 24 घंटे में पानी मिलना शुरू हो जाएगा। जलदाय विभाग की सिलीसेढ़ से अलवर पानी लाने करीब 24 करोड़ रुपए की लागत वाली बहु प्रतिरक्षित योजना अब मूर्त लेने वाली है। जलदाय विभाग की ओर से अगले साल 7 जनवरी को इसका टैंडर खोल दिया जाएगा। फिर इस दिशा में तेजी से काम शुरू हो जाएगा। शहर में पानी की समस्या से निपटने के लिए जलदाय विभाग की ओर से सिलीसेढ़ से अलवर पानी लाने के लिए मुख्यालय भेजा गया था। जिसे मुख्यालय से स्वीकृति मिल गई है। टैंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। टैंडर प्रक्रिया होने के बाद सिलीसेढ़ से अलवर पानी लाने का काम शुरू हो जाएगा। जलदाय विभाग की ओर से मुख्यालय भेजे प्रस्ताव के अनुसार सिलीसेढ़ के डाउन स्ट्रीम क्षेत्र में 35 ट्यूबवैलों की खुदाई की जाएगी। जिनसे प्रतिदिन करीब 1.25 करोड़ लीटर पानी का उत्पादन होने का अनुमान है। ट्यूबवैलों से पहले पानी पंप हाउस लाया जाएगा। इसके लिए सिलीसेढ़ के पास स्थित ग्राम श्योदानपुरा क्षेत्र में पंप हाउस, पानी की टंकी मनाई जाएगी। वहां से पाइप लाइन के जरिए अलवर पानी लाया जाएगा। सिलीसेढ़ से अलवर तक 21 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली जाएगी। सिलीसेढ़ से अलवर को मई महीने में पानी मिलना शुरू हो जाएगा यहां होती है 48 घंटे में पानी सप्लाई : स्कीम नंबर 10 ए, बी, विजय नगर, कर्मचारी कॉलोनी, शिव कॉलोनी, वीर सावरकर नगर, शिवाजी पार्क, नयाबास, काला कुआं, साउथ वेस्ट ब्लॉक, लादिया मोहल्ला, अंबेडकर नगर, सूर्य नगर, रणजीत नगर, सुभाष नगर, वैशाली नगर, एनईबी, एनईबी एक्सटेंशन, फौजी कॉलोनी, मनुमार्ग, नयाबास, सोनावा, मालवीय नगर, अशोका, इंदिरा कॉलोनी, फ्रेंडस कॉलोनी, जयपुर रोड, केशव नगर, तेज मंडी, दारुकूटा मोहल्ला, बजाजा बाजार, सिद्धीपुरा मोहल्ला, मालन की गली, हिंदूपाड़ा मोहल्ला, दिल्ली दरवाजा अंदर, िदल्ली दरवाजा बाहर, श्योलालपुरा मोहल्ला, श्योपुरा मोहल्ला, कबीर कॉलोनी, नरुका कॉलोनी, स्कीम नंबर 8, श्रीरामकॉलोनी, अखैपुरा मोहल्ला, भैरू का चबूतरा सहित अन्य एरिया। यहां होती है 72 घंटे में पानी सप्लाई : स्कीम नंबर 1,2,3,4, मुंशी बाग, महल चौक। जलदाय विभाग के अनुसार शहर में 340 ट्यूबवैल हैं। जिनसे प्रतिदिन 250 से 300 लाख लीटर पानी का उत्पादन होता है। जबकि प्रतिदिन पानी मांग की 561 लाख लीटर है। इस तरह मांग की तुलना में 280 लाख लीटर पानी का कम उत्पादन हो रहा है। पानी सप्लाई के लिए बनी 59 टंकी पूरी तरह नहीं भरने के कारण शहरवासियों को 24 घंटे के स्थान पर 48 से 72 घंटे में पानी मिल रहा है। कई बार तो यह अवधि बढ़कर 97 घंटे तक हो जाती है। शहर की आबादी 4.50 लाख है। शहर में 47 हजार 458 नल कनेक्शन है। पानी समस्या के कारण कई लोगों ने 2 से 3 नल कनेक्शन करा रखे हैं। सिलीसेढ़ में ट्यूबवैल लगने के बाद ट्यूबवैलों की संख्या बढ़कर 375 हो जाएगी जबकि प्रतिदिन पानी का उत्पादन बढ़कर 415 लाख लीटर हो जाएगा। ^मुख्यालय की ओर से सिलीसेढ़ से अलवर पानी लाने की योजना को स्वीकृति मिल गई। इस योजना पर 24 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। सिलीसेढ़ क्षेत्र में 35 ट्यूबवैल लगाए जाएंगे। जिनसे करीब 1.25 करोड़ लीटर पानी का उत्पादन होगा। इस पानी को संग्रह करने के लिए एक पानी टंकी और पंप हाउस बनाया जाएगा। शहरवासियों को 48 से 72 घंटे के स्थान पर 24 घंटे में पानी मिलना शुरू हो जाएगा। – संजय सिंह, एक्सईएन जलदाय विभाग अलवर।


