पुष्कर जिला कलेक्ट्रेट में सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की 19वीं बैठक हुई। जिला कलेक्टर एवं मिशन अध्यक्ष कमलराम मीणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित नियमित एवं वृहद परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य सचिव एवं अधीक्षण अभियंता श्रवण सिंह खिड़िया ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत ग्रामों में नल कनेक्शनों की प्रगति की जानकारी दी। सरकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायत भवनों और स्वास्थ्य केन्द्रों में लंबित नल कनेक्शनों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शेष नल कनेक्शन जल्द जारी किए जाएं। उन्होंने सभी सरकारी भवनों में प्राथमिकता के आधार पर जल कनेक्शन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, परियोजना विंग को कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की गुणवत्ता के साथ समयबद्ध मरम्मत करने के भी निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने वृहद एवं नियमित परियोजनाओं के अंतर्गत लंबित अधिकांश नल कनेक्शनों को चालू वित्तीय वर्ष में ही पूर्ण करने के लिए सभी अभियंताओं को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोपाल, अधीक्षण अभियंता एवीवीएनएल एम.के. सिंघल, डीडी (आईसीडीएस) नीरू सांखला, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी लोकेश कुमावत सहित जलदाय विभाग के विभिन्न अधिशाषी अभियंता एवं तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे।


