पाली जिले के बाली उपखंड के उपला भीमाना स्थित सरजू की वाड़ी में लेपर्ड के हमले में दो भाई घायल हो गए। बकरी चराने जंगल गए प्रकाश (12) और श्रवण (9) पर लेपर्ड ने हमला किया, जिसमें प्रकाश गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि श्रवण सदमे में है। जानकारी के अनुसार चुना राम ने बताया कि उनके पोते प्रकाश और श्रवण बकरी चराने जंगल गए थे। अचानक एक लेपर्ड ने उन पर सामने से हमला कर दिया। हमले से प्रकाश का पैर लड़खड़ाया और वह गिर गया। लेपर्ड उसके सिर पर हल्का पंजा मारते हुए आगे निकल गया। इस अचानक हमले को देखकर छोटा भाई श्रवण घबरा गया और भागने की कोशिश में वहीं गिर पड़ा। दोनों भाइयों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को गांव लाकर पिंडवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। पिंडवाड़ा में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका इलाज शुरू किया। लेपर्ड के हमले की सूचना मिलने पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र महात्मा भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।


