रायपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने 117 कार्टन शराब बरामद की, जिसमें 4368 पव्वे देसी-अंग्रेजी शराब और 240 बीयर की बोतलें शामिल हैं। इस दौरान परिवहन में प्रयुक्त एक बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। जब्त की गई शराब में 91 कार्टन दे शराब (4368 पव्वे), 6 कार्टन अंग्रेजी शराब (288 पव्वे) और 20 कार्टन बीयर (240 बोतलें) थीं। पुलिस ने बोलेरो पिकअप (आरजे 22 जीबी 1733) को भी कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर थानाधिकारी रायपुर मय टीम द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को थानाधिकारी रायपुर को भीम की ओर से आ रही एक बोलेरो पिकअप में अवैध शराब होने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद, पुलिस टीम ने कालब कला में भीम मार्ग पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान, सफेद रंग की बोलेरो पिकअप को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन ड्राइवर ने नाकाबंदी तोड़कर वाहन को तेज गति से भगा दिया। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद ड्राइवर वाहन को झाड़ियों में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध यह अभियान जारी रहेगा।


