कोटा में घर की छत पर रेलिंग से फंदा लगाकर बुजुर्ग ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उन्हें लटका हुआ पाया और तुरंत नीचे उतारकर एमबीएस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह घटना रविवार देर रात कृष्णा नगर इलाके में हुई। रेलवे कॉलोनी के एएसआई ब्रजराज ने बताया- मृतक की पहचान कृष्णा नगर निवासी पवन कुमार (63) के रूप में हुई है। परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि पवन कुमार पिछले कई सालों से अस्थमा से पीड़ित थे। साल 2020-21 से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके कारण वे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान थे। परिजनों ने यह भी बताया- पवन कुमार ने साल 2014 में दूसरी शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण वे तनाव में थे। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।


