डीडवाना कुचामन जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिला कलेक्टर ने विभागवार फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, जिले में चल रहे विकास कार्यों और संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। गर्मी के मौसम को देखते हुए जिला कलेक्टर ने पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। डॉ. खड़गावत ने विभागों को फ्लैगशिप योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य प्रगति सुनिश्चित करने, पिछली बजट घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने और नई बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त बैठक में 28 फरवरी को आयोजित होने वाले रोजगार उत्सव की तैयारियों और अजमेर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए जिले से जाने वाले प्रतिभागियों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, पुलिस उप अधीक्षक जेठू सिंह, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ.आर. मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


