मोगा में दिनदहाड़े पीआरटीसी बस को रोक कर लूटा:स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने कंडक्टर पीटकर कैश बैग छीना, 1 घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

पंजाब के मोगा-बरनाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए पीआरटीसी की एक बस (नंबर 13वी एआई 1171) को निशाना बनाया। इसमें जमकर लूटपाट की। आरोपियों ने कंडक्टर सुरजीत सिंह की बेरहमी से पिटाई की। उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं व उनकी पगड़ी तक उतर गई। बदमाश उनका नकदी भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस वारदात के एक घंटे बाद तक मौके पर नहीं पहुंची। इसको लेकर लोगों ने सरकार और पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाया। सवारी बन कर रुकवाया, फिर वारदात मोगा से संगरूर की ओर जा रही इस बस को बदमाशों ने सवारी चढ़ाने के बहाने रुकवाया और रुकते ही चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। लूटपाट की इस वारदात के दौरान बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर बाद उसी स्थान पर एक अन्य पीआरटीसी बस (पीबी 19 एम 2351) के रुकने से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यात्रियों का आरोप वारदात के एक घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस यात्रियों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। यात्री कश्मीर कौर और रंजीत कौर आदि ने बताया कि बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि सरेराह वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात के एक घंटे बाद तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि दिन-दिहाड़े हाईवे पर हो रही ऐसी वारदातों के कारण अब आम जनता का घर से बाहर निकलना भी असुरक्षित हो गया है। यात्रियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन अपराध रोकने में विफल साबित हो रहा है, जिससे अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *