कोटा ग्रामीण पुलिस की 67 टीमों ने 425 जगहों पर दबिश देकर 123 अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्टल समेत दो धारदार हथियार भी जब्त कर लिया हैं। ये कार्रवाई अवैध गतिविधियों पर रोकथाम और आदतन अपराधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से बड़ा एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत की गई। कोटा रेंज आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल के निर्देशन में 22 फरवरी को ग्रामीण क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों पर गठित 67 टीमों ने सोमवार अल-सुबह कार्रवाई शुरू की। कुल 248 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की टीमों ने 425 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, वारंट और निरोधात्मक कार्रवाइयों में कुल 123 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। हार्डकोर अपराधी समेत तीन बदमाश गिरफ्तार एसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान हार्डकोर अपराधी इमरान उर्फ कालिया निवासी इस्लामनगर थाना देवली मांझी, हिस्ट्रीशीटर काजू उर्फ अजाउद्दी उर्फ इरफान निवासी इस्लाम नगर और कोहीनूर 007 ग्रुप के अमन मीणा निवासी गुमानपुरा थाना सीमलिया को गिरफ्तार किया गया। आरपियों पर के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल भी बरामद की। इस संबंध में थाना बपावर कलां, देवली मांझी और कैथून में मुकदमे दर्ज किए गए। इमरान उर्फ कालिया के खिलाफ विभिन्न थानों में 19 प्रकरण, काजू उर्फ अजाउद्दीन के विरुद्ध 14 प्रकरण और अमन मीणा के खिलाफ 2 प्रकरण दर्ज हैं। धारदार हथियार समेत दो बदमाश गिरफ्तार इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत 2 चाकू-छुर्रे जब्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 165 पव्वे देशी शराब जब्त कर 2 मामले दर्ज किए गए। वहीं प्रकरणों में वांछित 14 अपराधी, 63 वारंटी, धारा 170 बीएनएस के 24 आरोपी, 1 इनामी अपराधी और 14 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में पुलिस अधिकारी मदन ढाका, मनोज सिकरवार, सुनिल सिंह, डीएसटी प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद और साइबर सेल प्रभारी भूपेन्द्र हाडा सहित पुलिस टीमों का अहम योगदान रहा।


