जोधपुर संभागीय आयुक्त एवं जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार, 23 फरवरी को जेडीए बोर्ड की बजट बैठक संपन्न हुई। प्राधिकरण के नए भवन में आयोजित इस बैठक में 1789 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। इसमें से बड़ा हिस्सा अंडरपास, रोड सौंदर्यकरण और स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम पर खर्च किया जाना प्रस्तावित है। जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी ने बताया कि शहर के डवलपमेंट और प्राधिकरण की इनकम के स्रोत बढ़ाने के लिए बजट में चार नई आवासीय योजनाएं भी प्रस्तावित की गई हैं। बैठक में जेडीए सचिव चंचल वर्मा, एडीएम सिटी-प्रथम अंजूम ताहिर सम्मा सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। बजट प्रस्ताव निदेशक वित्त मंजीत चारण द्वारा प्रस्तुत किया गया। चौखा, बासनी लाछा और मोगड़ा कलां में नई योजनाएं प्राधिकरण ने शहर के विस्तार को गति देने के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों में नई योजनाएं लाने का निर्णय लिया है: सरदार पटेल आवासीय विस्तार योजना: ग्राम चौखा में इस नई योजना के माध्यम से आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे। बासनी लाछा योजना: यहां भी एक नवीन आवासीय योजना लॉन्च करने का प्रस्ताव पारित हुआ है। ट्रांसपोर्ट नगर एवं ऑटोमोबाइल विस्तार: मोगड़ा कलां में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर और ऑटोमोबाइल विस्तार योजना विकसित होगी। चौखा में अतिरिक्त योजना: ग्राम चौखा में ही एक और नवीन आवासीय योजना प्रस्तावित की गई है। ट्रैफिक सुधार: 50 करोड़ से बनेंगे अंडरपास शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए 1521.91 करोड़ रुपये का बड़ा हिस्सा विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। इसमें प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं: अंडरपास निर्माण: भाटी चौराहा, जलजोग चौराहा एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर 50 करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास बनाए जाएंगे। फुटओवर ब्रिज: लूणी पंचायत समिति से राजाराम शिक्षण संस्थान तक यात्रियों की सुरक्षा हेतु 5 करोड़ रुपये से फुटओवर ब्रिज बनेगा। स्मार्ट सुरक्षा: मुख्य सड़कों पर सड़क हादसे कम करने के लिए 1.75 करोड़ रुपये से ‘स्मार्ट स्पीड डिटेक्शन सिस्टम’ लगाया जाएगा। हाईटेक डिस्प्ले: शहर के मुख्य स्थानों पर 4 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल आउटडोर एलईडी डिस्प्ले पैनल लगाए जाएंगे। रिंग रोड व सिग्नल: आउटर रिंग रोड की डीपीआर के लिए 2 करोड़ रुपये और अनकवर्ड क्षेत्रों में ट्रैफिक सिग्नल के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पर्यटन और धार्मिक स्थलों का सौंदर्यकरण जोधपुर की ऐतिहासिक पहचान और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं: घोड़ा घाटी रोड: मेहरानगढ़ फोर्ट के मुख्य मार्ग (राव जोधा मार्ग) के विकास, लाइटिंग और सौंदर्यकरण पर 10 करोड़ रुपये का भारी खर्च होगा। धार्मिक पर्यटन: रातानाडा स्थित श्री गणेश मंदिर में विकास हेतु 6 करोड़ रुपये और पंचकुंडा क्षेत्र के सौंदर्यकरण के लिए 5 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सड़क सुदृढ़ीकरण: कायलाना से सिद्धनाथ तक सड़क चौड़ाईकरण हेतु 3 करोड़ रुपये और सालावास से कांकाणी तक नई रोड के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान है। बुनियादी सुविधाएं और सीवरेज प्रबंधन शहर के अनकवर्ड क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए भी बजट में विशेष स्थान दिया गया है: सीवरेज और एसटीपी: वंचित क्षेत्रों में सीवरेज लाइन और एसटीपी निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जल पुन: उपयोग: विवेक विहार एसटीपी के उपचारित जल के पुनः उपयोग की डीपीआर और आवश्यक कार्यों पर 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जोनवार विकास: शहर के विभिन्न जोनों में सड़क, नाला-नाली निर्माण, विद्युतीकरण, जलापूर्ति और वृक्षारोपण के लिए भी अलग-अलग बजट रखा गया है।


