बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र के तेजपुर गांव के युवकों पर रुपए मांगने के विवाद में जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक उधारी के 20 हजार रुपए का विवाद बताया जा रहा है। उधारी के रुपए वापस मांगने गए युवकों पर तलवार और कुल्हाड़ी से वार किए गए, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है। युवक के सीने में गंभीर घाव है। उसे बचाने आए साथी के साथ भी मारपीट करने का आरोप है। पैसे लेने बुलाया और तलवार मारी सदर थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया की प्रार्थी नरेश चरपोटा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके काका के लड़के भरत ने रघावा निवासी बहादुर नामक व्यक्ति को रुपए उधार दिए थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे जब वे बहादुर के घर रुपए मांगने गए, तो उसने शाम को आने को कहा। शाम को नरेश, भरत और गोविंद दो बाइकों पर सवार होकर जब बहादुर के घर के पास पहुंचे, तो वहां बहादुर का लड़का अविनाश मिला। अविनाश ने उन्हें बाहर रुकने को कहा और घर के अंदर से तलवार लेकर आया। उसने जान से मारने की नीयत से भरत पर हमला कर दिया, जिससे उसकी छाती पर गंभीर घाव हो गया। बचाने आए साथी पर कुल्हाड़ी से हमला रिपोर्ट के अनुसार, जब गोविंद बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी बहादुर ने तलवार से गोविंद के पेट पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। उदयपुर रेफर किए गए घायल परिजनों ने तुरंत दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से महात्मा गांधी अस्पताल बांसवाड़ा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भरत और गोविंद की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया है। सदर थाना पुलिस ने प्रार्थी नरेश की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


