करौली में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए अभियान में 300 से अधिक बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। इस कार्रवाई का उद्देश्य अनधिकृत कनेक्शनों पर रोक लगाना और राजस्व हानि को कम करना था। अभियान के दौरान लगभग 300 घरों से अवैध जम्पर हटाए गए। निगम ने उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया, जहां बिजली चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सहायक अभियंता ललित बाबर ने बताया कि मुरलीपुरा, शिकारगंज, मुरलीपुरा जाटव बस्ती, अगोला, माली बस्ती, अम्बेडकर नगर, गरीबा नगर और शिकारगंज चौराहा जैसे इलाकों में अवैध बिजली उपयोग के कई मामले सामने आए। अधीक्षक अभियंता रूप सिंह गुर्जर और अधिशासी अभियंता दिगम्बरदयाल मीना के निर्देशन में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। इसमें सहायक अभियंता ललित बाबर और कनिष्ठ अभियंता मानवेन्द्र सिंह के साथ निगम के तकनीकी कर्मचारी भी शामिल थे। टीम ने मौके पर ही अवैध कनेक्शन हटाए और उपभोक्ताओं को वैध कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया। निगम अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।


