जयपुर के जवाहर सर्किल और परकोटा के क्षेत्र में इन दिनों राजस्थानी पारिवारिक फिल्म की शूटिंग जोरों पर है। यह फिल्म समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और सम्मान के मुद्दे को संवेदनशील तरीके से उठाती है। ‘किरण री मेहंदी’ के नाम से इसे फिल्म को बनाया जा रहा है, लेकिन जानकारी के मुताबिक फिल्म के टाइटल में बदलाव होगा। फिल्म की कहानी एक ऐसी नायिका के इर्द-गिर्द घूमती है, जो ट्रांसजेंडर समुदाय की महिलाओं के साथ मिलकर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती है और अंततः दोषियों को सजा दिलाकर रानी को न्याय दिलाती है। सामाजिक संदेश से भरपूर यह फिल्म पारिवारिक मूल्यों के साथ-साथ समानता और सम्मान का सशक्त संदेश देती है। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में अंकित भारद्वाज और जान्हवी सोनी नजर आएंगे। अंकित इससे पहले मनोज बाजपेयी के साथ फिल्म ‘साइलेंस 2’, धारावाहिक ‘रज्जो’, ‘महाराणा प्रताप’, ‘थपकी प्यार की’ और ‘राजा बेटा’ में अभिनय कर चुके हैं। वहीं जान्हवी सोनी धारावाहिक ‘देव’और पारो’ में नजर आ चुकी हैं। यह ओटीटी प्लेटफॉर्म स्टेज के लिए बनाई जा रही है। फिल्म का निर्देशन जिगर नागदा कर रहे हैं, जिनकी पूर्व फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना और पुरस्कार मिल चुके हैं। फिल्म के सृजनकर्ता हरियाणा के हरिओम कौशिक हैं, जिन्होंने पहले ‘दादा लखमी’ का निर्माण किया था, जिसमें अभिनेता यशपाल शर्मा ने अभिनय किया था। इस फिल्म को देशभर में सराहा गया था। फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर गोविंद सिंह राजपूत ने राजस्थान सरकार में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और पुलिस प्रशासन का विशेष आभार जताया। उन्होंने बताया कि एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से जयपुर में शूटिंग की अनुमति आसानी से प्राप्त हुई। अब तक फिल्म की छह दिन की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जबकि कुल 15 दिनों तक शूटिंग चलेगी। जयपुर के वैशाली नगर, चांदी की टकसाल, बड़ी चौपड़, सांगानेर, जवाहर सर्किल और वाटिका सहित शहर की कई स्थानों पर फिल्मांकन किया जा रहा है।


