पंडित हरिप्रसाद चौरसिया सहित 10 जनों को मिलेगा सम्मान:देवव्रत महेश रेखे भी होंगे सम्मानित, महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन सम्मान समारोह 15 मार्च को

महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन ने वर्ष 2026 के राज्य स्तरीय अलंकरणों की घोषणा आज उदयपुर में कर दी गई है। वार्षिक अलंकरण समारोह के संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की उपस्थिति में फाउण्डेशन का 42वां अलंकरण समारोह आगामी 15 मार्च 2026 को सायं 4.30 बजे सिटी पैलेस उदयपुर के माणक चौक प्रांगण में होगा। उन्होंने बताया कि अपने स्थापना-संकल्प के अनुरूप फाउण्डेशन विगत 41 वार्षिक समारोहों के माध्यम से देश-विदेश की 4,972 विशिष्ट विभूतियों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर चुका है। ये अलंकरण उन प्रेरक व्यक्तित्वों को समर्पित हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्टता, नवाचार और नैतिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए समाज, राष्ट्र और विश्व समुदाय को स्थायी मूल्य प्रदान किए हैं तथा मानवीय उत्कर्ष की परंपरा को सुदृढ़ किया है। इस वर्ष के इन अलंकरणों में ज्योतिष, वेद विज्ञान एवं कर्मकाण्ड में विशिष्ट योगदान के लिए फाउण्डेशन के महर्षि हारीत राशि सम्मान से वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखे को सम्मानित किया जाएगा। 19 वर्षीय वेदमूर्ति देवव्रत ने वाराणसी में 50 दिनों तक पूर्णतः स्मरण शक्ति के आधार पर शुक्ल यजुर्वेद (माध्यंदिन शाखा) के दुर्लभ दंडक्रम विकृतिपाठ का संपादन किया। लगभग 200 वर्षों में पूर्ण दंडक्रम पारायण करने वाले वे विश्व के दूसरे विद्वान माने जाते हैं। उनका यह कार्य लुप्तप्राय वैदिक पाठ परंपरा के पुनर्जीवन की दिशा में ऐतिहासिक महत्व रखता है। समाज में शैक्षिक, चारित्रिक, नैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए दी जाने वाली स्थायी मूल्य की सेवाओं के लिए महाराणा मेवाड़ सम्मान प्रदान किया जाता है। इस वर्ष यह सम्मान भारत की प्रथम ट्रांसजेंडर महिला सब-इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस के. पृथिका याशिनी तथा सीनियर जर्नलिस्ट भुवनेश जैन को प्रदान किया जाएगा। भारतीय संस्कृति, साहित्य एवं इतिहास के क्षेत्र में महाराणा कुम्भा सम्मान उदयपुर के हिन्दी एवं राजस्थानी साहित्यकार तरुण कुमार दाधीच को प्रदान किया जाएगा। ललित कला के क्षेत्र में महाराणा सज्जनसिंह सम्मान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट अजय रावत को प्रदान किया जाएगा। रावत पुष्कर स्थित नेशनल सैंड आर्ट पार्क के संस्थापक हैं तथा राजस्थान के प्रथम सैंड आर्ट फेस्टिवल के आयोजक रहे हैं।
संगीत के क्षेत्र में दिया जाने वाला डागर घराना सम्मान पद्म विभूषण से अलंकृत प्रख्यात बाँसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया को प्रदान किया जाएगा। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में उनकी अनुपम साधना, अंतरर्राष्ट्रीय प्रस्तुतियां तथा संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप एवं फ्रांस के ‘ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स’ से सम्मानित उपलब्धियाँ उन्हें वैश्विक प्रतिष्ठा प्रदान करती हैं। आदिवासी समाज के उत्थान के लिए राणा पूंजा सम्मान मेवाड़ के टीडी क्षेत्र निवासी मांडना कलाकार डिंपल चण्डात को प्रदान किया जाएगा। खिलाड़ियों को दिए जाने वाले अरावली सम्मान से राम रतन जाट एवं अवनि लेखरा को अलंकृत किया जाएगा। राम रतन जाट, भारतीय नौसेना में चीफ पेटी ऑफिसर, विश्वप्रसिद्ध अल्ट्रा-मेराथन धावक हैं। अवनि लेखरा ने गंभीर स्पाइनल कॉर्ड चोट के बावजूद पैरा शूटिंग में अंतरर्राष्ट्रीय पहचान बनाई। टोक्यो पैरालंपिक 2020 में उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल SH1 स्पर्धा में स्वर्ण तथा 50 मीटर राइफल 3 पोज़िशन SH1 में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। संयोजक डॉ. गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन का राज्य स्तरीय ‘विशेष सम्मान’ उदयपुर के राजेश वैष्णव को, मेवाड़ की 500 वर्ष पुरानी पवित्र जल सांझी परंपरा के संरक्षण के लिए प्रदान किया जाएगा। वैष्णव, वैष्णव परंपरा की 18वीं पीढ़ी के साधक हैं और उदयपुर के वैष्णव मंदिरों के साथ ही श्रीनाथजी मंदिर, नाथद्वारा में इस कला का वैश्विक परिचय करा चुके हैं। सम्मानित विभूतियों को मंच पर फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ प्रत्येक को ₹51,001 की सम्मान राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर अलंकृत करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *