फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर रोक की मांग:यादव महासभा ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जताया विरोध

अखिल भारतीय यादव महासभा, जिला धौलपुर ने प्रस्तावित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में महासभा ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. को दिया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि फिल्म का शीर्षक और कथानक एक विशेष समाज की भावनाओं को आहत करने वाला प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म का नाम और उसकी प्रस्तुति यादव समाज की सामाजिक प्रतिष्ठा पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। इससे विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका भी है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि फिल्म के निर्माण से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं ने एक विशिष्ट समाज के नाम का उपयोग किया है, जिससे समाज में असंतोष व्याप्त है। संगठन का तर्क है कि यदि फिल्म का उद्देश्य सकारात्मक संदेश देना होता, तो किसी विशेष समाज के नाम का इस प्रकार उपयोग नहीं किया जाता। महासभा ने प्रशासन से फिल्म के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है, ताकि प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है, तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होंगे। ज्ञापन सौंपते समय समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *