गुजरात में खाई में गिरी SUV, जेठ-बहू की मौत:राजस्थान का परिवार दर्शन कर लौट रहा था; ड्राइवर का स्टेयरिंग से कंट्रोल छूटा

गुजरात के पोरबंदर जिले के विसावदा के पास रविवार शाम करीब 6 बजे जालोर जिले के एक ही परिवार की कार पलटने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। परिवार देवभूमि द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन कर पोरबंदर लौट रहा था, तभी मोड़ पर चालक का स्टीयरिंग से कंट्रोल हट गया और कार सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में टेम्बी गांव निवासी पवनी देवी और गणेशराम की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायलों का पोरबंदर के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार कार शाम के समय पोरबंदर के विसावदा इलाके से गुजर रही थी। पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। इन दो लोगों की हुई मौत चितलवाना सरपंच और माली समाज अध्यक्ष सवरूपाराम माली ने बताया कि हादसे में चितलवाना के टेम्बी गांव निवासी गणेशराम (76) पुत्र हरजीराम माली और पवनी देवी (60) पत्नी नागजीराम माली की मौत हो गई। दोनों एक ही परिवार के सदस्य थे और दर्शन के लिए गए थे। पांच घायल, हॉस्पिटल में इलाज जारी हादसे के समय कार पन्नालाल माली चला रहे थे। उन्हें हल्की चोट आई थी। हॉस्पिटल में इलाज के बाद अब उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। कार में सवार नागजीराम (72), मदनलाल (33), अर्जन कुमार (35), पन्नालाल (33) और शिवराम (8) घायल हो गए। सभी को पोरबंदर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनका इलाज जारी है। ऐसे हुआ रेस्क्यू हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे वाहन चालक और खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकाला गया। ट्रैक्टर से बांधकर कार को खाई से बाहर निकाला गया। बाद में पुलिस कार को थाने ले गई। डेढ़ महीने पहले धार्मिक यात्रा पर निकले थे मदनलाल तमिलनाडु में काम करता है। वह अपनी मां पवनी देवी, पिता नागजीराम और ताऊ गणेशराम को करीब डेढ़ माह पहले जालोर के चितलवाना से घुमाने के लिए ले गया था। सबसे पहले उन्हें तमिलनाडु के मदुरई ले जाया गया, जहां वह इलेक्ट्रोनिक का काम करता है। वहां से रामेश्वरम समेत कई धार्मिक स्थानों पर दर्शन कराए गए। राजकोट से बना द्वारकाधीश का प्लान तीन दिन पहले परिवार गुजरात के राजकोट में रहने वाले रिश्तेदार पन्नालाल के पास पहुंचा। पन्नालाल करीब पांच साल से राजकोट में स्टील का व्यापार कर रहे हैं। वहीं से सभी ने द्वारकाधीश मंदिर जाने का प्लान बनाया। इस दौरान पोरबंदर निवासी अर्जन कुमार, जो मोबाइल एसेसरिज का काम करता है, वह भी अपने 8 साल के बेटे शिवराम के साथ साथ हो गया। दर्शन के बाद लौटते समय हुआ हादसा देवभूमि द्वारका में भगवान द्वारकाधीश के दर्शन करने के बाद सभी पोरबंदर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे विसावदा के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। आज होगा अंतिम संस्कार मृतक पवनी देवी और गणेशराम के शवों का पोस्टमार्टम कर जालोर के लिए रवाना कर दिया गया है। शव दोपहर तक चितलवाना के टेम्बी गांव पहुंचेंगे, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *