खैरथल तिजारा में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों का समय पर निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने एवरेज डिस्पोजल टाइम में सुधार लाने पर जोर दिया। जिला स्तरीय अधिकारी रोजाना दो शिकायतकर्ताओं को फोन करें उन्होंने विभागवार पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए 30 दिन से अधिक समय से लंबित परिवादों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। टाइम एक्सीलरेशन के माध्यम से परिवादों के उच्च स्तर पर जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए, उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर परिवादों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में यह भी कहा गया कि प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ता परिवारों से फोन पर संवाद कर निस्तारण की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। बजट घोषणाओं को लेकर दिए निर्देश अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना (एक्शन प्लान) तैयार करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार के निर्धारित एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) के अनुसार, बाल विवाह की रोकथाम और बाल नशा मुक्ति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके तहत, किसी भी विद्यालय या शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर की परिधि में तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, बीड़ी और अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस विभाग को नियमित गश्त और निरीक्षण कर अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ये रहे मौजूद बैठक में समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमीवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड, उपनिदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी, कृषि अधिकारी गोपाललाल मीणा, सहायक निदेशक कोऑपरेटिव वेद प्रकाश सैनी सहित वन विभाग, पुलिस, राजीविका, बिजली, कृषि और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


