अबोहर की नई आबादी में चोर ने दंपती को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में रखे 80 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। गली नंबर 8 निवासी कुलभूषण शर्मा और उनकी पत्नी रात को अपने कमरे में सो रहे थे। इस दौरान चोर घर के अगले हिस्से में खाली पड़ी जगह से अंदर घुसा। चोर ने दूसरे कमरे की अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित महिला ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे उनकी आंख खुली। उनकी आंखों में तेज दर्द था। जब वह एक्सरसाइज के लिए दूसरे कमरे में गईं तो बेड पर गहने लपेटने वाला कागज पड़ा मिला। इससे उन्हें चोरी का शक हुआ। पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक चोर घर में घुसता दिखाई दिया। घटना की सूचना सिटी-2 पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। किराए के मकान में रहने वाले इस दंपती का कहना है कि चोरों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया था, जिससे उन्हें चोरी की वारदात का पता ही नहीं चला।


