उदयपुर में पेसिफिक हास्पिटल, विनय क्रिकेट क्लब व लीला फाउंडेशन के तत्वावधान में फील्ड क्लब मैदान पर चल रहे पिम्स मेवाड़ कप सीजन-4 रोमांचक मुकाबाला देखने को मिल रहा है। सोमवार को खेले गए मुकाबलों में जीसीए ने सेमीफाइनल में क्रॉसरोड्स इंटरनेशनल स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 138 रन के भारी अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। जीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 आवेर में सभी विकेट खोकर 217 रन बनाए। इसमें अहान पोद्दार ने 31 बॉल में 57, स्मित पटेल ने 27 बॉल में 50 रन का योगदान दिया। क्रॉसरोड्स इंटरनेशनल स्कूल के ब्रिजेश शर्मा ने तीन विकेट लिए। जवाब में जीत का लक्ष्य लेकर उतरी क्रॉसरोड्स इंटरनेशनल स्कूल की शुरूआत बेहद खराब रही। टीम ने पावर प्ले में ही तीन विकेट खो दिए। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे और टीम को संभलने का मौका ही नहीं मिला। जीसीए के हेमांग पटेल ने बल्लेबाजों की कमर तोड़ कर रख दी। उन्होंने 25 रन देकर पांच विकेट झटके। इसी तरह से पूरी टीम मात्र 79 रन पर ही सिमट गई। इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में उदयपुर लेकसिटी वॉरियर्स की टीम ने 20 ओवर में 186 का स्कोर खड़ा किया। सिद्धार्थ पाटीदार ने 42 बॉल में दो छक्कों व छह चौकों की बदौलत 56 रन का योगदान दिया। जवाब में आदित्यम रियल स्टेट्स की टीम 19 ओवर में सभी विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी और मुकाबला 21 रन से गंवा बैठी। पंकज कुमार ने चार छक्कों व आठ चौकों की मदद से 74 रन की पारी खेली। लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। पी.आकाश ने 17 बॉल पर 41 रन बनाए। उदयपुर लेकसिटी वारियर्स के इरफान ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 11 रन देकर छह विकेट छटके। सिदकसिंह ने दो विकेट लिए। फील्ड क्लब मैदान पर अपने चहेते आईपीएल खिलाडियों को नजदीक से देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ जमा थी। युवाओं में अलग ही जोश देखता बन रहा था। चौकों और छक्कों पर लगातार हूटिंग भी चलती रही।


