छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में विजयी जुलूस के दौरान एक व्यक्ति के ऊपर ब्लेड से हमला हुआ है। पिता और चाचा की हार से गुस्साए बेटे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर विजय जुलूस में हमला कर दिया। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम रेंगाकठेरा का है। सोमवार रात गांव में विजयी जुलूस निकाली गई थी। इस दौरान चुनाव हार चुके प्रत्याशी के बेटे मिथलेश उर्फ बबलू निषाद ने अपने दोस्त पिंटू के साथ फत्तेलाल के साथ मारपीट की और बीच बचाव कर रहे युवक पर ब्लेड से हमला किया गया। इस मामले पर गुंडरदेही पुलिस ने मुख्य आरोपी मिथलेश उर्फ बबलू निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे आरोपी पिंटू साहू की तलाश जारी है। ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। गांव के एक व्यक्ति को मारने दौड़ा रहे थे गुंडरदेही TI मनीष शेंडे ने बताया कि आरोपी गांव के फत्तेलाल सेन को डंडा लेकर मारने दौड़ा रहे थे। इसी दौरान बीच-बचाव कर रहे कुलदीप के ऊपर ब्लेड से हमला कर दिया। आरोपी मिथलेश के खिलाफ पहले भी चाकूबाजी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, मिथलेश निषाद और पिंटू साहू दोनों आरोपी इससे पहले रेत खदान में कार्रवाई करने गए पुलिसकर्मी पर भी चाकू से हमला कर चुके हैं। पिता और चाचा के चुनाव हारने से था नाराज इस घटना के बाद आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए। जहां गिरफ्तारी की मांग को लेकर रात 2 बजे तक डटे रहे। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य आरोपी मिथलेश निषाद के पिता और चाचा चुनाव हार गए हैं। जिस वजह से उनके घर के सामने से गुजर रही विजयी जुलूस देख कर विवाद करने लगा। आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज, स्थिति नियंत्रण में गुंडरदेही टीआई मनीष शेंडे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 118(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, ग्राम रेंगाकठेरा में शांति बनी हुई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं दूसरे आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


