चौराहों पर अब हाई रेजोल्यूशन ड्रोन से नजर:नियम तोड़ने वाले तुरंत ही आते हैं नजर, 111 पर हो चुकी है कार्रवाई

इंदौर में ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों पर अब पुलिस ड्रोन से भी नजर रख रही है। फिर चाहे वह सिग्नल तोड़ना हो या, लेफ्ट टर्न बाधित करना हो या रोड बाधित करना हो। ट्रैफिक पुलिस ड्रोन से चौराहों पर नजर रखने के साथ ही ऐसे वाहन चालकों पर नजर भी रख रही है। ड्रोन कैमरे की मदद से ट्रैफिक पुलिस अब तक पुलिस 111 लोगों पर कार्रवाई कर चुकी है। दरअसल, अब ट्रैफिक पुलिस ड्रोन के माध्यम से डिजिटल पेट्रोलिंग कर रही है। ये ड्रोन अलग-अलग चौराहों के साथ ही मार्केट में भी चलाया जाता है। जहां पर गाड़ियों की आवाजाही देखने के साथ ही नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी की जाती है। कंट्रोल रूम से रखी जाती है नजर, देते हैं इंस्ट्रक्शन ड्रोन पेट्रोलिंग के दौरान दो अलग-अलग टीमें काम करती है। एक जो ड्रोन की लाइव वीडियो देखती है और दूसरी टीम मैदान में रहती है। ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम पर मौजूद टीम ड्रोन के लाइव वीडियो देखते है। ये वीडियो कंट्रोल रूम में लगे एलईडी पर चलते हैं। इस दौरान अगर कोई नियम को तोड़ता दिखता है तो तुरंत वायरलेस सेट के माध्यम से चौराहे पर मौजूद टीम को इसकी जानकारी दी जाती है और टीम तुरंत संबंधित गाड़ी चालक को रोक कर कार्रवाई करती है। ये ड्रोन हाई रेजोल्यूशन ड्रोन है, जिसकी मदद से साफ और क्लियर वीडियो नजर आते हैं। इस पर रखा जाता है ध्यान
रोड पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, लेफ्ट टर्न बाधित करने वाले, रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने वाले, नो पार्किंग में गाड़ी खड़े करने वाले, दुकानों के बाहर भीड़ जमा कर ट्रैफिक को बाधित करने वालों को चिह्रिंत कर उनके खिलाफ ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम में स्क्रीन पर ड्रोन के माध्यम से पलासिया, गीता भवन चौराहा, इंद्रप्रस्थ चौराहा, इंडस्ट्री हाउस, आनंद बाजार, रीगल आदि चौराहा और इससे लगे प्रमुख रास्तों आदि पर डिजिटल पेट्रोलिंग कर चुकी है। ड्रोन पेट्रोलिंग से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने, जाम या ट्रैफिक बाधित होने की स्थिति बेहतर कंट्रोल करने, एक्सीडेंट की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया व सहायता पहुंचाने में, रात में भी सड़कों व चौराहों पर बेहतर निगरानी करने में सहायता मिलेगी। चौराहों के साथ मार्केट में भी नजर
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी (प्रभारी ट्रैफिक) ने बताया कि गुरुवार से ही हाई रेजोल्यूशन ड्रोन कैमरे से कार्रवाई करने की शुरुआत की गई है। इन ड्रोन के माध्यम से शहर के अलग-अलग चौराहों के साथ ही मार्केट में भी नजर रखी जाती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही है। अलग-अलग नियमों का उल्लंघन करने पर ड्रोन के माध्यम से अब तक 111 लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है। ट्रैफिक का काम होने के बाद ड्रोन का इस्तेमाल थानों के शेडो एरिया और इलाके में ड्रोन पेट्रोलिंग के लिए भी किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *