भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) ने सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी में ब्लॉक चीफ मेडिकल ऑफिसर (बीसीएमओ) बत्ती लाल को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ट्रांसफर करने की एवज में परिवादी से रिश्वत मांगी थी। एसीबी के एएसपी ज्ञान सिंह चौधरी ने बताया- एसीबी चौकी सवाई माधोपुर को एक शिकायत मिली थी। इसमें आरोप था कि परिवादी से डेपुटेशन के स्थान की बजाय उसे मूल पदस्थापन स्थान पर लगाने की एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत का सत्यापन करवाया गया। इसमें आरोपी ने 5 हजार रुपए पहले ले लिए और बाकी 25 हजार रुपए की रिश्वत राशि आज सोमवार को लेना तय किया गया। इसके बाद एसीबी भरतपुर रेंज के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह और एएसपी ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी को परिवादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही डिटेन कर लिया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी के घर पर टीम सर्च कर रही है। हालांकि घटना के बाद टीम ने सीएसएचओ ऑफिस में भी जांच की। पिछले साल भी पद से हटाया था
टीम के अनुसार- बत्ती लाल पर पहले भी कार्रवाई हुई है। पिछले साल अक्टूबर में चिकित्सा विभाग के तत्कालीन संयुक्त शासन सचिव ने आदेश जारी बत्तीलाल को पद से हटाया था। बीसीएमओ के पद से हटाकर उन्हें निदेशक जनस्वास्थ्य मुख्यालय जयपुर हाजिरी देने के निर्देश दिए गए थे। तब बत्तीलाल पर पद पर रहते हुए टेंडर प्रक्रियाओं में घालमेल और ग्रामीण चिकित्सा केंद्रों में पैसे लेकर चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति करने के गंभीर आरोप लगे थे।


