केंद्रीय मंत्री व अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस हताशा के चरम पर पहुंच चुकी। गाली-गलौज तभी करते हैं जब हताशा के चरम पर पहुंच जाते हैं। आसन का अपमान तभी करते हैं जब लोकतंत्र से उनकी आस्था डगमगा जाती है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सम्माननीय हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को अलवर के मिनी सचिवालय में अधिकारियों की मीटिंग लेने के बाद मीडियाकर्मियों से यह बात कही। उन्होंने विधानसभा में हो रहे हंगामे के सवाल पर कहा कि कांग्रेस वाले घबराए हुए हैं। विधानसभा ठप कर बैठे हैं। विधानसभा में गाली-गलौज तभी होती है जब कोई हताश हो जाता है। कांग्रेस 2 धाराओं में बंट चुकी है। न इधर के रहे न उधर के रहे। इंदिरा गांधी सम्मानीय प्रधानमंत्री रही हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। कांग्रेस के नेताओं को नहीं पता कि वे किधर के हैं। वहीं डॉ किरोड़ी लाल मीणा के मामले में इतना ही बोले कि वे हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। शहर के विकास व पानी की पूर्ति पर अफसरों से चर्चा प्रदेश में बीजेपी सरकार को लेकर कहा कि भजनलाल सरकार में पेपर लीक पर एक्शन हुए हैं। कहीं भी भ्रष्टाचार है तो हम जांच कराएंगे। जयसमंद बांध के नीचे भराव क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग पर कहा कि मामले की जांच कराएंगे। गो तस्करी को लेकर अलवर एसपी ने सख्त कार्यवाही करने को कहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अलवर शहर में पानी की पूर्ति के मामले में 20 एमएलडी के गैप को पूरा करने का काम किया जा रहा है। प्रशासन ने आश्वास्त किया है कि अभी की आपूर्ति को बरकरार रखा जाएगा। टैंकर की मॉनिटरिंग जीपीएस से होगी। रिपेयरिंग के मामले में स्पष्ट गाइडलाइन बनेगी। राज्य सरकार से 69 बाेरिंग स्वीकृत कराई है। राजगढ, गोविंदगढ़, लक्ष्मणगढ़ व बड़ौदामेव को भी रिव्यू किया गया है। 2026 तक सिलीसेढ़ से पाइप लाइन से पानी लाने के प्रोजेक्ट को सरकार ने मंजूर कर दिया है। एक सप्ताह से पहले सीटीपी के पानी को ठीक कराकर इंडस्ट्री को दिया जाएगा। सीटीपी का पानी वापस इंडस्ट्री तक जाए। पशु मेला लगाने की तैयारी केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पशुपालकों की केपिसिटी बढ़ाने के लिए सब चीजों को बढ़ाया जाएगा। जिसके लिए मेडिकल स्टाफ बढ़ाया जाएगा। ब्रीडिंग इंप्रूव पर ध्यान देंगे। जल्दी अलवर के पशुपालकों के लिए मेले का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सीएम को भी बुलाने का प्रयास करेंगे। पशुपालन एक बड़ा व्यवसाय है। अच्छे नंदी को बढ़ाएंगे। कुल पशुओं की गणना पर चर्चा की है। मार्च में दुबारा रिव्यू करेंगे। इसके बाद मेले का आयोजन किया जाएगा। डेयरी मजबूत होगी तो अलवर भी आगे बढ़ेगा। डेयरी में भ्रष्टाचार की जांच कराने की बात कही है।


