MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:ब्यूटीशियन से रेप, टॉवर पर चढ़ी मां, आंधी के साथ बारिश; हाईवे पर बाइक से स्टंट

MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. ब्रिज के डिवाइडर से टकराया वाहन, तीन की मौत, 7 घायल नरसिंहपुर में निर्माणाधीन ब्रिज के डिवाइडर से टकराकर पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि 7 घायल हैं। 3 की हालत गंभीर है। हादसा सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे बरमान चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे 44 पर हुआ। वाहन में कुल 10 मजदूर सवार थे। ये सभी छिंदवाड़ा जिले के सुरला खापा गांव निवासी बताए जा रहे हैं। वे नरसिंहपुर के राजमार्ग क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में वाहन का अनियंत्रित होना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर… 2. नशा देकर ब्यूटीशियन से रेप किया, धर्म बदलने का दबाव बनाया छत्तीसगढ़ की 30 वर्षीय ब्यूटीशियन ने भोपाल में तीन लोगों के खिलाफ रेप करने और एक महिला पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने की एफआईआर कराई है। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे छोटे कपड़े पहनाकर शहर के पब-लाउंज में ले जाया जाता था। अनजान लोगों से मेल-जोल का दबाव बनाया जाता था। इसी दौरान उस पर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव डाला गया। पढ़ें पूरी खबर… 3. बेटे को जमानत नहीं मिली तो हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ी मां सिंगरौली जिले में एक मां अपने बेटे के जेल में बंद होने से व्यथित होकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। महिला की पहचान इटमा निवासी 50 वर्षीय बबली साकेत के रूप में हुई है। उसका बेटा तीन महीने पहले हत्या के एक मामले में गिरफ्तार होकर जिला जेल पचौर में बंद है। महिला का कहना है कि बेटे को झूठे आरोप में फंसाया गया है। उसे जमानत भी नहीं दी जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाइश दिए जाने के बाद महिला को नीचे उतारा जा सका। पढ़ें पूरी खबर… 4. मुरैना में नेशनल हाईवे पर बाइकर्स गैंग कर रहे खतरनाक स्टंट मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-552 पर युवाओं द्वारा मोटसाइकिल से खतरनाक स्टंट किए जा रहे हैं। कैलारस से जौरा तक बाइकर्स गैंग हाईवे पर तेज रफ्तार और जोखिम भरे करतब से न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में है। कैलारस एसडीओपी उमेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि ऐसे कृत्य सामने आते हैं तो संबंधित की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर… 5. जबलपुर, रीवा, सीधी में बारिश; ग्वालियर, मुरैना, रीवा में अलर्ट लो प्रेशर एरिया और ट्रफ लाइन की वजह से मध्य प्रदेश में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। सोमवार को जबलपुर, रीवा, सीधी में बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे के दौरान मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां हवा की रफ्तार 50 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है। दूसरी तरफ, ग्वालियर, मुरैना, रीवा, बड़वानी, धार, दतिया, सीधी, खरगोन, सागर और दमोह में भी गरज-चमक और बारिश होने का अनुमान है। बता दें कि फरवरी के शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है। पढे़ं पूरी खबर… 6. सीएम राइज स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, शिक्षक-छात्र घायल नेमावर के सीएम राइज स्कूल में सोमवार को मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। घटना दोपहर 12 बजे की है, जब 12वीं का बायोलॉजी का पेपर खत्म हुआ था और बच्चे कमरों से बाहर निकल रहे थे। मधुमक्खियों के हमले में टीचर अर्जुन सिंह तोमर और कई बच्चे घायल हो गए। तोमर और 9वीं क्लास की एक छात्रा को ज्यादा चोट आने की वजह से हरदा रेफर किया गया है। स्कूल मैनेजमेंट ने नगर परिषद और वन विभाग को खबर कर दी है ताकि छत्तों को वहां से हटवाया जा सके। पढे़ं पूरी खबर… 7. भिंड में अवैध डेयरी से पकड़ाया मिलावटी मावा, फूड लाइसेंस भी नहीं मिला भिंड के मौ में फूड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने अवैध डेयरी पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मिलावटी मावा बनाने का कारोबार पकड़ा गया है। आरोपी दूध से क्रीम निकालकर उसमें रिफाइंड-पामोलिन ऑयल और ड्राय ग्लूकोज पाउडर मिलाकर मावा तैयार करते थे। मौके से बड़ी मात्रा में मावा, दूध और मिलावटी सामग्री जब्त कर नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। डेयरी संचालक लल्लू सिंह परिहार के पास फूड लाइसेंस भी नहीं मिला। अधिकारियों ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर… पॉजिटिव खबर 8. MP में बढ़ी गिद्धों की संख्या, वन विभाग ने एप से की लोकेशन आधारित गिनती मध्य प्रदेश में गिद्धों की संख्या बढ़ गई है। रविवार को खत्म हुई गणना के मुताबिक, पिछली बार प्रदेशभर में 12 हजार से ज्यादा गिद्ध थे। इस बार की गणना में इनकी संख्या बढ़ी है। इंदौर वन मंडल में पिछली बार 86 गिद्ध मिले थे, जो इस बार बढ़कर 156 हो गए हैं। इस बार गणना के लिए डिजिटल तरीका अपनाया गया। इसके लिए “ईपी कलेक्ट फाइव” नाम के एप का उपयोग किया गया है। इस तरीके में कागज-पेन की जरूरत नहीं पड़ती। इसमें टीम जब गिद्ध के ठिकानों पर पहुंचती है तो वहां की लोकेशन आ जाती है। इसमें समय भी ऑटोमैटिक लोड हो जाता है। पढ़ें पूरी खबर… खबर जरा हटके 9. मसूर की दाल, इलायची और 5 सेंटीमीटर के शंख पर उकेरीं देवी-देवताओं की आकृतियां उज्जैन की तीन छात्राओं ने मसूर की दाल, इलायची और जैसी छोटी वस्तुओं पर देवी-देवताओं की बारीक आकृतियां उकेरकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज कराया है। 19 वर्षीय अपेक्षा गोखरू ने इलायची पर पोस्टर कलर से गौतम बुद्ध की आकृति बनाई। 20 वर्षीय राशि निगम ने 5 सेंटीमीटर के छोटे से शंख पर एक्रेलिक रंगों से भगवान गणेश का अष्टविनायक स्वरूप बनाया। वहीं, भूमि कसेरा ने मसूर की दाल के तीन अलग-अलग दानों पर भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलराम की सूक्ष्म आकृतियां उकेरीं। पढ़ें पूरी खबर… कल का बिग इवेंट 10. राहुल गांधी- मल्लिकार्जुन खड़गे कल आएंगे भोपाल, किसान महाचौपाल में शामिल होंगे 24 फरवरी को भोपाल में इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ किसान महाचौपाल होगी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। एआईसीसी की ओर से एमपी कांग्रेस को दी गई जानकारी के मुताबिक, खड़गे दोपहर करीब 12 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे जबकि राहुल दोपहर 1 बजे भोपाल आएंगे। कांग्रेस ने महाचौपाल के लिए लाल परेड ग्राउंड की परमिशन मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने जवाहर चौक पर सभा की अनुमति दी है। यहां सभा के लिए दो बड़े डोम बनाए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *