नगर निकाय चुनाव के तहत चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर सोमवार की सुबह निर्धारित समय से मतदान शुरू हो गया। सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की कतारें लग गई। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। डीसी-एसपी से लेकर पूरा प्रशासनिक अमला चुनाव में लगा था। फुसरो नप क्षेत्र में मतदान की गति सुबह से तेज रही, जबकि चास नगर निगम पिछड़ता नजर आया। 2015 के नगर निगम चुनाव में चास में 53.30% मतदान हुआ था। जबकि इस बार 50.83 प्रतिशत हुआ। वहीं 2018 के चुनाव में फुसरो नगर परिषद में 59.62% मतदान हुआ था, जबकि इस बार 58.37% हुआ। चीराचास, भोजपुर कॉलोनी, बड़ कुल्ही, वार्ड-29 के आसनसोल, वार्ड-32 वन विभाग के बूथ पर हंगामा के बीच मतदान संपन्न हो गया। बैलेट के कारण कम हुई वोटिंग 2010 में नगर परिषद चास और 2015 में चास निगम चुनाव ईवीएम से हुआ था। बैलेट में मतदाताओं का अलग अनुभव रहा। हाल के वर्षों में लोग ईवीएम से ही वोट देते आए हैं। इसलिए वोटिंग की गति धीमी थी। चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण बोकारो | सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी अजय नाथ झा तथा एसपी हरविंदर सिंह ने चास निगम क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा हुए मतदान की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में मध्य विद्यालय हरिला नया भवन एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय आसनसोल में 03 पोलिंग एजेंट के पास प्रचार सामग्री पाए जाने पर उन्हें तत्काल मतदान केंद्र से बाहर किया गया। बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा प्रत्येक मतदान केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की कतार देखी गई। पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में भी उत्साह देखा गया। वहीं उम्र दराज मतदाता भी बढ़ चढ़कर भाग लिए। वोट देने पहुंचे मतदाताओं का कहना है कि लंबे समय के बाद राज्य में निकाय चुनाव हो रहा है। इसका अपना स्थानीय महत्व है। उन्होंने सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। कई मतदाताओं ने कहा कि वे शहर के समग्र विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की उम्मीद के साथ मतदान कर रहे हैं। बूथों के बदलने से भी कुछ मतदाता परेशान हुए। उन्हें दूसरे वार्ड के बूथ पर मतदान करने के लिए जाना पड़ा। कई मतदाताओं के नाम भी नहीं मिल रहा था। वार्ड 18 व 31 में इस प्रकार की समस्याएं सामने आई। नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं के उत्साह के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न


