लोहरदगा|नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में सोमवार को मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से हुई। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी रही। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किए। वहीं प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। ताकि मतदान निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने भी अपने परिजनों के साथ नए नगर परिषद कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर अपना मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास से जुड़ा चुनाव है और इसमें जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। हमने विकास, पारदर्शिता और बेहतर नगर व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान किया। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे भी विकास के मुद्दे पर सोच-समझकर अच्छे और योग्य उम्मीदवारों को चुनें ताकि लोहरदगा का समग्र विकास हो सके।


