बासुकीनाथ : अध्यक्ष के छह और वार्ड के 76 प्रत्याशियों की किस्मत बैलेट बॉस में हुई कैद

भास्कर न्यूज |दुमका जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में इंजीनियरिंग कॉलेज दुमका में मतदान समाप्ति के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में नगरपालिका आम निर्वाचन मतदान पर विस्तृत जानकारी दी गई। उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद दुमका के 21 और नगर पंचायत बासुकीनाथ के 12 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही वृद्ध, दिव्यांग, युवा, महिला व नए मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक कतारें लगाकर वोट डाले।सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, रैंप, पेयजल, शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। अपराह्न 5 बजे तक नगर परिषद दुमका में 60.47% और बासुकीनाथ में 74.10% मतदान दर्ज हुआ। शांतिपूर्ण माहौल में मतदान सम्पन्न हुआ।मतगणना 27 फरवरी को इंजीनियरिंग कॉलेज दुमका में होगी। इसके लिए सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, प्रवेश नियंत्रण व अभ्यर्थियों के लिए अलग व्यवस्था पूरी कर ली गई है। प्रेसवार्ता में सामान्य प्रेक्षक, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता व निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित थे। दुमका| बासुकीनाथ नगर निकाय चुनाव में सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। अब बासुकीनाथ नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कुल छह जबकि 12 वार्ड में कुल 76 प्रत्याशी की किस्मत बक्से में कैद हो गई है। किसके सर पर ताज सजेगा यह मतगणना के दिन ही पता चल पाएगा। बहरहाल निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर चुनाव से जुड़े पदाधिकारी एवं प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने भी राहत की सांस ली। अध्यक्ष पद के लिए पूनम देवी, मधुमिता देवी, बनलता देवी, सुषमा देवी, मनोरमा देवी और वीणा देवी के बीच कांटे की टक्कर है। जीत को लेकर सभी के अपने-अपने दावे हैं। सभी के बीच जोरदार टक्कर है। जिसका फैसला 27 फरवरी को मतगणना के दिन सामने आ जाएगा। पता चल जाएगा कि मतदाताओं ने इस बार किस महिला पर अपनी पंचायत के विकास का दायित्व सौंपा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *