भास्कर न्यूज | जामताड़ा/ मिहिजाम नगर निकाय चुनाव में इस बार मतदाताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। लोकतंत्र के इस महापर्व में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग मतदाता सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह मतदान शुरू होते ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। कई स्थानों पर लोग निर्धारित समय से पहले ही पहुंचकर अपने क्रम का इंतजार करते नजर आए। युवाओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। पहली बार मतदान करने पहुंचे नवमतदाता गर्व और जोश के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करते दिखे। वहीं बुजुर्ग मतदाता भी लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए उत्साहपूर्वक मतदान केंद्रों तक पहुंचे। दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी भी सराहनीय रही। कई दिव्यांग मतदाताओं को उनके परिजन सहारा देकर मतदान केंद्रों तक लाते दिखे। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे दिव्यांग मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मतदान कर्मियों ने भी उनकी सहायता कर सुगमता से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने भी चुनाव को खास बना दिया। कई स्थानों पर महिलाओं की टोलियां टोटो एवं अन्य वाहनों के माध्यम से मतदान केंद्रों तक पहुंचती नजर आईं। समूह में पहुंची महिलाओं ने अनुशासित ढंग से कतार में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल मिलाकर नगर निकाय चुनाव में सभी वर्गों की सहभागिता ने लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो रहे मतदान ने यह स्पष्ट कर दिया कि आमजन अपने अधिकार और कर्तव्य के प्रति सजग हैं।


