भास्कर न्यूज | जामताड़ा नगर पालिका चुनाव 2026 के तहत सोमवार को सुबह 7:00 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। जिला प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर पंचायत जामताड़ा और मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से वोटिंग कराई जा रही है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे चुनाव को लेकर लोगों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। सुबह के शुरुआती घंटों में ही बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंच गए। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला। कई मतदान केंद्रों पर महिलाएं लंबी कतारों में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। बुजुर्ग मतदाता भी पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेते दिखे। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के चेहरे पर खास खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लगोरी मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहे।
27 को मतगणना का इंतजार इस नगर पालिका चुनाव में प्रत्याशियों का भविष्य मतपेटियों में कैद हो गया है, जिसका फैसला 27 तारीख को मतगणना के दिन सामने आएगा। किसे जीत की खुशी मिलेगी और किसे हार का सामना करना पड़ेगा, यह तो समय ही बताएगा। चुनाव के दौरान जिले के वरीय अधिकारी भी लगातार क्षेत्र का दौरा करते रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद स्वयं पूरे मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए थे। वहीं, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा। अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी भी मतदान केंद्र से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। बैलट पेपर से मतदान होने पर असमंजस में दिखे मतदाताओं को किया गया जागरूक अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही कर ली गई थीं। मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को प्राथमिकता देकर मतदान कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। कई केंद्रों पर स्वयंसेवक मतदाताओं की मदद करते नजर आए। हालांकि मतदान कर रहे कुछ मतदाता बैलेट से संबंधित प्रक्रिया को लेकर थोड़े असमंजस में दिखाई दिए। ऐसे मतदाताओं को मतदान केंद्र पर मौजूद कर्मियों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया, जिसके बाद उन्होंने सहजता से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन ने पहले से ही मतदान कर्मियों को निर्देश दिया था कि वे धैर्य और विनम्रता के साथ मतदाताओं को प्रक्रिया समझाएं, ताकि किसी को भी परेशानी न हो।


