अधेड़ व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

भास्कर न्यूज | हिरणपुर/पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाथकाठी गांव में सोमवार को एक 46 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने फांसी के फंदे से झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान हाथकाठी निवासी आलोक रंजन के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आलोक अपने घर में अकेले रह रहे थे। सोमवार सुबह पशुओं की देखरेख करने वाला व्यक्ति जब रोज की तरह घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो उसने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। पड़ोसियों ने तत्काल मृतक के भाई को जानकारी दी, जो पाकुड़ में अधिवक्ता हैं। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे उनके साथ एसआई सूरज राम तथा एएसआई नीलम कुमारी भी मौजूद थीं। पुलिस ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद था, जिसे तोड़ने पर युवक का शव पंखे से लटका मिला। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ कर गया है। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *