पबिया | नारायणपुर प्रखंड के चार पंचायतों में मनरेगा कार्यों का सोशल ऑडिट कार्यक्रम जारी है। इस क्रम में 25 फरवरी को संबंधित पंचायतों में जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कराए गए कार्यों, व्यय राशि, मजदूरी भुगतान, योजनाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से जुड़े सभी बिंदुओं को आम जनता के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। सोशल ऑडिट टीम द्वारा अब तक किए गए भौतिक सत्यापन, अभिलेख जांच एवं लाभुकों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों को जनसुनवाई में सार्वजनिक रूप से रखा जाएगा। ग्रामीणों को भी खुलकर अपनी बात रखने, शिकायत दर्ज कराने तथा योजनाओं में पाई गई अनियमितताओं की जानकारी देने का अवसर मिलेगा। प्रखंड प्रशासन ने सभी संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, रोजगार सेवकों, पंचायत सचिवों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम ग्रामीणों से उपस्थित रहने की अपील की है।


