भास्कर न्यूज |मिर्जा चौकी, साहिबगंज
साहिबगंज वन प्रमंडल के तत्वावधान में मंडरो फॉसिल्स पार्क परिसर में स्थानीय समुदाय के आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में महुआ से खाद्य पदार्थ (लड्डू) निर्माण की विधि सिखाई गई, ताकि ग्रामीण महिलाएं वन उपज का मूल्य संवर्धन कर स्वरोजगार से जुड़ सकें और अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ बना सकें। कार्यक्रम में आसपास के गांवों की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य प्रशिक्षक दुमका की श्रीमती अनीता ठाकुर ने महुआ लड्डू निर्माण की वैज्ञानिक पद्धति, स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों, आकर्षक पैकेजिंग तथा बाजार में विपणन की रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महुआ केवल पारंपरिक उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पौष्टिक एवं बाजार योग्य उत्पाद तैयार कर अच्छी आय अर्जित की जा सकती है। इस अवसर पर झारखंड बन बचाओ समिति के निदेशक श्री दशरथ ठाकुर एवं वन रक्षी फैलिसिटस हांसदा भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा वन आधारित लघु वनोपज के सतत उपयोग के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रायोगिक अभ्यास कराया गया, जिससे वे स्वयं महुआ लड्डू तैयार कर सकें। विभाग द्वारा आश्वस्त किया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय समुदाय, विशेषकर महिलाओं, को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।


