युवक की हत्या मामले में परिजनों से मिले मंत्री

जामताड़ा | धरमपुर निवासी फुरकान अंसारी की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर देने की सूचना मिलते ही मंत्री डा इरफान अंसारी गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मृतक के वृद्ध माता-पिता और पत्नी व मासूम बच्चों को ढांढ़स बंधाया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जनप्रतिनिधि ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने पुलिस विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर हत्या के कारणों का खुलासा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता बताई गई है। जामताड़ा | जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरमपुर गांव में रविवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना को लेकर नारायणपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक की पत्नी के आवेदन पर थाना कांड संख्या 20/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धरमपुर निवासी अंसारी रविवार सुबह लगभग 8:00 बजे गांव के धरमपुर मोड़ स्थित एक चाय दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और अचानक उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अंसारी को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *