भास्कर न्यूज | अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने नशा तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल के 3 तस्करों को काबू कर 6 किलो हेरोइन और 6 किलो आइस ड्रग बरामद की है। उक्त खेप कुछ दिन पहले पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के जरिए भेजी थी। आरोपियों की पहचान फिरोजपुर के गांव सुरसिंह वाला निवासी प्रताप सिंह, अमृतसर के गांव कोहाला निवासी अजयपाल सिंह और गांव ख्याला कलां निवासी जोबनदीप सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों से एक बाइक और एक स्कूटी भी जब्त की है, जिनका इस्तेमाल नशे की खेप सप्लाई के लिए किया जा रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि प्रताप और अजयपाल सीधे पाक तस्कर के लिंक में थे। आरोपी सीमावर्ती गांव अटलगढ़ और रतन के क्षेत्र में ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई खेप हासिल करते थे और राज्य के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करते थे। सीआई अमृतसर ने सूचना मिली थी कि आरोपी गांव के श्मशानघाट के पास साथी को खेप सौंपने वाले हैं। इसके बाद तुरंत रेड कर तीनों को काबू कर लिया गया।


