भास्कर न्यूज | अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब छोटी-छोटी जानकारियों के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। रेलवे की ओर से स्टेशन परिसर में आधुनिक हेल्प डेस्क स्थापित किया जा रहा है, जहां यात्रियों को हर प्रकार की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। मार्च के अंत तक हेल्प डेस्क पूरी तरह से शुरू हो जाएगा। हेल्प डेस्क पर यात्रियों को शहर की सारी जानकारी दी जाएगी। अगर उन्हें वाघा बार्डर या अन्य जगह पर यात्रा के लिए टैक्सी की जरूरत होगी तो उसे भी बुक करवाया जा सकेगा। इतना ही नहीं अमृतसर आने के बाद उसे किसी और शहर बस से जाना है तो उसे बस आदि की टिकट बुक करवाने की सुविधा तक वहीं पर मिल जाएगी। इसके अलावा अगर शहर में होटल आदि बुक करवाना है तो वह सुविधा भी यात्री हेल्प डेस्क पर ले सकेगा। रेलवे की तरफ से इसके लिए अमृतसर की ही एक कंपनी को ठेका दे दिया है। जगह का चयन भी हो चुका है। जनरल टिकट बुकिंग काउंटर के मेन गेट के बाहर ही जगह का चयन किया गया है और हेल्प डेस्क तैयार करने के लिए इस पर काम भी शुरू कर दिया जाएगा। यात्रियों को एयरपोर्ट की तर्ज पर सुविधाएं देने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, ताकि यात्रा अनुभव अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सके। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल असेसरी, सैलून और पूजा पाठ आदि की दुकानें भी बनाई जा रही है। इसके लिए भी रेलवे की ओर से टेंडर कॉल किया है और रेलवे का मानना है कि बदलते समय के साथ यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। इसी दिशा में यह पहल की गई है, ताकि स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाया जा सके। रेलवे की ओर से स्टेशन पर फूड वैन भी खोलने की योजना पर काम कर रहा है ताकि यात्री स्वादिष्ट पकवानों का आनंद ले सकें। फूड वैन के लिए भी टेंडर मांगे गए हैं और जल्द ही रेलवे उसे भी जारी करेगी। फिरोजपुर रेलवे डिवीजन के सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी का कहना है कि रेलवे यात्रियों को हर तरह की सुविधा देने के लिए वचनबद्ध है और इस पर लगातार काम किया जा रहा है। उक्त सभी सुविधाएं रेलवे स्टेशन पर दिए जाने का मकसद यही है कि हर आने जाने वाले यात्री को कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि रेलवे जल्द ही दुकानें अलॉट कर देगा और स्टेशन पर अन्य चीजें मिलनी शुरू हो जाएंगी।


