भास्कर न्यूज | अमृतसर/भिखीविंड बॉर्डर के पास स्थित दोरांगला में 2 पुलिस मुलाजिमों की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस अलर्ट पर है। स्पेशल डीजीपी लॉ एंड आर्डर अर्पित शुक्ला ने सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। डीजीपी ने भिखीविंड, सराय अमानत खां और घरिंडा थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का मनोबल काफी ऊंचा है और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी फोर्स मुस्तैदी से डटी हुई है। घरिंडा थाना का मुआयना करने के बाद डीजीपी अर्पित शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने बताया कि पंजाब के 7 जिले पाकिस्तान सीमा से लगते हैं। फाजिल्का से लेकर पठानकोट तक नशा और हथियार तस्करी को रोकने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। सीमा पर बीएसएफ के साथ संयुक्त पेट्रोलिंग और विशेष नाकाबंदी अभियान चलाए जा रहे हैं। दोरांगला में हुई घटना को लेकर स्पेशल डीजीपी ने कहा कि मामला दुर्भाग्यपूर्ण है और सीनियर अधिकारी इसकी गहन जांच कर रहे हैं। यह तय करना अभी जल्दबाजी होगी कि घटना के पीछे आईएसआई, किसी आतंकी साजिश या गैंगस्टरों का हाथ है। सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें जल्द जनता के सामने रखा जाएगा। दोरांगला कांड के आरोपियों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा। स्पेशल डीजीपी ने बताया कि पठानकोट-गुरदासपुर सेक्टर में सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस को और मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। इसके अलावा तकनीकी निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पंजाब सरकार ने सीमा सुरक्षा को आधुनिक बनाने के लिए 40 करोड़ रुपए जारी किए हैं। इसके तहत 3 एंटी-ड्रोन सिस्टम स्थापित किए गए हैं और उनकी संख्या जल्द बढ़ाई जाएगी। जहां-जहां तारबंदी नहीं है, वहां भी सुरक्षा प्रबंध कड़े किए गए हैं।


