भास्कर न्यूज | रायगढ़ चक्रवाती सिस्टम के असर से सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद पहले बादल छाए और कुछ ही देर में तेज आंधी चलने लगी। कुछ घंटों के भीतर ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। दोपहर में तीन बजे जहां तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शाम साढ़े 5 बे घटकर 26 डिग्री पर आ गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे बारिश शुरू हुई। शहर के साथ आसपास के ब्लॉकों में भी चक्रवात का प्रभाव देखने को मिला। बारिश का सबसे अधिक असर धान खरीदी समितियों में दिखा, जहां अचानक हुए मौसम बदलाव के कारण कर्मचारियों को धान की बोरियों को ढंकने के लिए भागदौड़ करनी पड़ी। कई केंद्रों में तिरपाल से बोरियों को सुरक्षित करते कर्मचारी नजर आए। पिछले कई दिनों से बढ़ती गर्मी से लोग परेशान थे। बारिश, नमी और तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिली। ठंडी हवाओं के चलते शाम का मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जिसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। यह सिस्टम उत्तर‑पूर्व दिशा में बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में कमजोर पड़ने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि रायगढ़ सहित प्रदेश में मंगलवार को एक‑दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज‑चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ जगहों पर गरज‑चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। वर्षा की गतिविधियां मुख्य रूप से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ तक सीमित रहने के आसार हैं। चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद यह स्थिति बनी है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का प्रभाव प्रदेश में देखने को मिल रहा है।


