देशभर में होली का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा, लेकिन छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र के सेमरा-सी गांव में होलिका दहन इसके एक सप्ताह पहले ही मनाया जाएगा। सेमरा-सी में मंगलवार, 24 फरवरी को होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा, और अगले दिन, 25 फरवरी को रंग-गुलाल उत्सव मनाया जाएगा। धमतरी जिले से करीब 45 किमी दूर स्थित यह गांव सदियों पुरानी परंपराओं का पालन करते हुए हर साल होली से एक सप्ताह पहले होलिका दहन करता है। यहां के ग्रामीण आज भी इन परंपराओं को बखूबी निभा रहे हैं। गांव के निवासी गजेन्द्र सिन्हा ने बताया कि 24 फरवरी को होलिका दहन और अगले दिन रंग-गुलाल खेलने की परंपरा रहेगी। देवता सिरदार देव की पूजा-अर्चना के बाद उन्हें सबसे पहले गुलाल अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद पूरे गांव में त्योहार मनाया जाता है। गांव में न केवल होली बल्कि दशहरा, दिवाली और अन्य प्रमुख त्योहार भी एक सप्ताह पहले मनाने की परंपरा है।


