भास्कर न्यूज| धमतरी
जिला प्रशासन द्वारा जिस ठेमली टापू पर 1 करोड़ से अधिक की राशि खर्च कर पर्यटन केंद्र बनाने का काम कर रहा है, उसी टापू पर अवैध महुआ निर्माण की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। भास्कर ने 23 फरवरी के अंक में गंगरेल टापू पर खुली अवैध शराब फैक्ट्री, 7 ड्रम महुआ, 5 चूल्हे मिले शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इस खबर के बाद पुलिस महकमा सकते में आ गया। अफसरों ने रुद्री और केरेगांव पुलिस की टीम को जांच के लिए भेजा गया। पुलिस अधिकारी और जवान नाव द्वारा टापू पर पहुंचे, जहां छापेमारी के दौरान लगभग 1 हजार लीटर महुआ लाहन नष्ट किया गया। इसके साथ ही स्टील के बर्तन और ड्रम भी जब्त किए गए। दैनिक भास्कर की खबर पर कलेक्टर-एसपी ने जांच और कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। इसके तहत रुद्री, केरेगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। ठेमली आइलैंड के जंगल क्षेत्र में तलाशी के दौरान अवैध शराब निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रियां बरामद की गईं। पुलिस को वहां 5 बड़े ड्रम मिले, जिनमें कुल करीब 1000 लीटर महुआ लाहन भरा हुआ था। इस सामग्री को मौके पर नष्ट कर दिया गया और विधिवत पंचनामा बनाकर जब्त कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि छापेमारी के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पास के गांवों में जाकर पूछताछ की गई, लेकिन स्थानीय निवासियों ने किसी भी जानकारी से इंकार कर दिया। अब सवाल यह उठता है कि इस टापू पर महुआ शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री किसके द्वारा चलाई जा रही थी। साथ ही, शराब बनाने के लिए जंगल की लकड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे उस इलाके में रहने वाले वन्य प्राणियों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।
इस गंभीर स्थिति के मद्देनजर प्रशासन को चाहिए कि वन विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों और मैदानी टीम की सहायता से एक बड़ा सर्च अभियान चलाया जाए। साथ ही, अवैध महुआ फैक्ट्री संचालित करने वालों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह के अवैध कार्यों पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके, क्योंकि ठेमली टापू को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने जिला प्रशासन काम कर रहा है। प्रारंभिक चरण में करीब 1 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं, साथ ही सरकार से 5 करोड़ अतिरिक्त फंड की मांग भी की गई है। {200 लीटर क्षमता के नीले/काले {प्लास्टिक ड्रम– 5 नग {छोटे प्लास्टिक ड्रम– 3 नग {जर्मन गंजी– 6 नग {स्टील गंजी– 5 नग {लोहे के चूल्हे– 4 नग {घमेला– 6 नग


