भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर जिले में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। सोमवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बेमौसम हुई इस बारिश ने खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के कई हिस्सों में दोपहर बाद हवा की रफ्तार बढ़ी और उसके साथ बारिश शुरू हो गई। वर्तमान में गेहूं, राहर, तिलहन और सरसों की फसलें खेतों में तैयार अवस्था में हैं। ऐसे में तेज हवा और बारिश से फसल गिरने या दानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि अगले एक-दो दिन और इसी तरह का मौसम बना रहा तो उत्पादन पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी जिले के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं आंधी-तूफान की स्थिति भी बन सकती है।


