स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के राज्य सलाहकार पुरुषोत्तम पंडा ने जिले के सुदूर क्षेत्रों का दो दिवसीय सघन दौरा कर स्वच्छता कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों और स्वच्छताग्रहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली। पहले दिन उन्होंने देवभोग ब्लॉक के ग्राम पंचायत बरबाहली, चिचिया और डूमरबहाल का भ्रमण किया। वहीं दूसरे दिन मैनपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत इंदागांव, तौरेंगा, मैनपुरखुर्द और मैनपुरकला का निरीक्षण कर स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित निर्माण कार्यों और स्वच्छता प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान स्वच्छताग्राही दीदियों ने कहा कि इस दौरे से उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। निरीक्षण के दौरान राज्य सलाहकार पंडा ने डूमरबहाल में सामुदायिक शौचालय के बेहतर संचालन के लिए उसकी जिम्मेदारी स्वच्छताग्राही दीदियों को सौंपने का आग्रह पंचायत से किया। देवभोग और मैनपुर के समन्वयक उत्तर यादव को मिशन के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कचरा संग्रहण, प्लास्टिक एकत्र कर श्रेडिंग के बाद पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण में उपयोग हेतु विक्रय, तथा ग्रे वाटर प्रबंधन संरचनाओं के निर्माण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वच्छता संरचनाओं को क्रियाशील रखने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इंदागांव के प्राथमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने शिक्षकों से चर्चा कर विद्यालयों में स्वच्छता को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया।


