कोंडागांव| वन्यजीव शिकार के सनसनीखेज मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कोंडागांव में सांभर का मांस मिलने के बाद वन अमला जांच करते हुए धमतरी जिले तक पहुंचा और शिकारियों को गिरफ्तार कर लाया। मिली जानकारी के मुताबिक 21 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने बाजारपारा निवासी उषा बाई रजक के घर दबिश दी। तलाशी में 8 प्लास्टिक थैलियों में रखा मांस बरामद हुआ। पूछताछ में उषा बाई और संगीता निर्मलकर ने स्वीकार किया कि मांस वन्य प्राणी सांभर का है, जिसे ग्राम उरपुटी, जिला धमतरी निवासी नरसू से खरीदा गया था। दोनों महिलाओं के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जगदलपुर जेल भेज दिया गया।


