मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से 96 गांव जुड़े तीन नई बसों को हरी झंडी, अब सात मार्गों पर संचालन

भास्कर न्यूज | कोंडागांव ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को जिला कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत तीन नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल एवं कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में बसों को विधिवत रवाना किया गया। नई बसों के संचालन के साथ कोंडागांव जिले में अब कुल सात बसें इस योजना के तहत संचालित होंगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में निवासरत आमजन, किसान, मजदूर, छोटे व्यवसायी और छात्र-छात्राओं को जनपद एवं जिला मुख्यालय तक नियमित, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। पूर्व में कोंडागांव–मर्दापाल, बहीगांव– विश्रामपुरी, कोंडागांव– कमेला तथा छत्तोड़ी–कोंडागांव मार्ग पर बस सेवा शुरू की जा चुकी थी। अब कोनगुड़– फरसगांव, भैंसाबेड़ा– केशकाल और कनपुर–कोंडागांव मार्ग पर भी संचालन प्रारंभ हो गया है। सातों बसों के माध्यम से जिले के 96 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण अधोसंरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रही है। इस योजना से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने में सहूलियत होगी, मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा तथा किसान और छोटे व्यापारी अपने उत्पाद आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी यह योजना सुरक्षित आवागमन का माध्यम बनेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *