भास्कर न्यूज | कोंडागांव शहर के व्यस्त वीआईपी मार्ग कलेक्टोरेट रोड पर इन दिनों सड़क हादसों की संख्या चिंताजनक रूप से बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग बड़ी संख्या में गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क के बीच में पड़ी सीमेंट-कंक्रीट और अपर्याप्त रोशनी के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। शाम के समय जब अंधेरा बढ़ने लगता है, तब स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगंो ने स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार औसतन दो से तीन दिन में एक दुर्घटना हो रही है। कई बार वाहन चालक सड़क के बीच पड़ी कंक्रीट को समय पर देख नहीं पाते, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। प्रशासन थोड़ी सुध ले तो काफ़ी हद तक दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। कलेक्टोरेट रोड रायपुर जगदलपुर मार्ग तिराहा होने के चलते यह मार्ग अति व्यस्त रहता है लोग अब अस्थाई पुलिस चौकी की भी मांग करने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क के केवल एक दिशा में ही स्ट्रीट लाइट लगी है, दूसरी में नहीं।


